आजमगढ़ में पति की मौत-पत्नी घायल,वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे पति-पत्नी,पेड़ से टकराई बाइक
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थानाक्षेत्र के भोराजपुर गांव के पास शुक्रवार की शाम करीब चार बजे अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा जाने से पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर से महज सौ मीटर की दूरी पर घटना होने से परिवार में कोहराम मचा है। घटना के समय पति-पत्नी एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।नगर पंचायत अतरौलिया के बीरूवापुर निवासी ओमप्रकाश मोदनवाल (70) पुत्र जियालाल गुरुवार शाम पत्नी प्रमिला देवी (67) के साथ बाइक से जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी संपन्न होने के बाद शुक्रवार को दोनों घर लौट रहे थे। बाइक चलाते समय ओमप्रकाश मोदनवाल हेलमेट पहने हुए थे। शाम करीब चार बजे घर से करीब सौ मीटर दूर अचानक उन्हें झपकी आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट टूट गया। सिर में गंभीर चोट आने से रक्तस्राव होने लगा। बाइक के पीछे बैठी पत्नी भी घायल हो गई। लोग दोनों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तब तक ओमप्रकाश की मौत हो गई। पत्नी प्रमीला देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।