अंबेडकर नगर ने विकास कार्यों में पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
आजमगढ़:
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदेश स्तर से जारी जून 2025 माह की विकास कार्यों की रैंकिंग में जनपद अंबेडकर नगर ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय जिले के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को दिया जा रहा है, जिनके निरंतर निरीक्षण, कड़ी निगरानी और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के प्रयासों ने जिले को प्रदेश में शीर्ष पर पहुंचाया।मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ला ने सभी विभागों के साथ समन्वय बनाते हुए विकास परियोजनाओं की समीक्षा, तेजी से क्रियान्वयन और लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली को प्राथमिकता दी। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पोषण, ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सुधार ने जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय बढ़त दिलाई।जिले को मिले इस सम्मान पर जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने हर्ष व्यक्त किया है। जिले में इस सफलता को लेकर सकारात्मक माहौल है और प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि यह सफलता केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि जिले की पूरी टीम और जनता की सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस उपलब्धि को बनाए रखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए विभागीय कार्यों में और भी तेजी लाई जाएगी ।