Azamgarh News: बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी सौगात: उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर से शुरू होगी “बिजली बिल राहत योजना 2025”

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से “बिजली बिल राहत योजना 2025” की घोषणा की है। यह योजना प्रदेश के ऊर्जा एवं नगरीय विकास मंत्री ए. के. शर्मा के नेतृत्व में शुरू की जा रही है। योजना आगामी 1 दिसंबर 2025 से लागू होगी और तीन चरणों में तीन महीने तक चलेगी।
ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि यह योजना प्रदेश के सभी सम्मानित बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है, जिसका लाभ हर वर्ग को मिलेगा। उन्होंने कहा कि “इतनी उदार योजना पहले कहीं नहीं आई; कभी नहीं आई।”
लेट पेमेंट सरचार्ज (दंड एवं ब्याज) में 100 प्रतिशत तक की छूट – तीनों चरणों में यह छूट दी जाएगी।
बिल के मूलधन में पहली बार 25 प्रतिशत तक की राहत – उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक राहत।
बकाया और वर्तमान बिल को अलग किया गया – जिससे नियमित बिल भरने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
500/750 रुपये की आसान किश्तों में बकाया जमा करने की सुविधा – अंतिम किश्त तक कोई अतिरिक्त ब्याज नहीं लगेगा।
सामान्य से अधिक आने वाले बिल पर औसत बिल जमा करने का प्रावधान।
आपराधिक मामलों में निर्धारित कर पर 50 प्रतिशत तक की छूट।
ऊर्जा मंत्री ने सभी जन प्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, अध्यक्षों, ग्राम प्रधानों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें और विभागीय टीमों को सहयोग देकर इसे सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि यह योजना बिजली उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ प्रदेश में नियमित बिल भुगतान की संस्कृति को भी मजबूत करेगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों में बिजली उपभोक्ताओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, लेकिन “बिजली बिल राहत योजना 2025” को अब तक की सबसे व्यापक और जनहितकारी पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button