Azamgarh news :आजमगढ़ में म्यूजिक शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, पवन सिंह के नाम से भेजा गया फर्जी कन्फर्मेशन मेल

आजमगढ़ में म्यूजिक शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, पवन सिंह के नाम से भेजा गया फर्जी कन्फर्मेशन मेल

रिपोर्टर चंद्रेश यादव अतरौलिया आजमगढ़

म्यूजिक शो आयोजित कराने के नाम पर एक कलाकार से करीब 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पुत्र राजसेन सिंह, निवासी ग्राम गाजनपुर, थाना भालेसुल्तान, जनपद अमेठी (वर्तमान पता – विज्ञानपुरी कॉलोनी, महानगर, लखनऊ) पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं। वह क्लब, रेस्टोरेंट और पार्टियों में गिटार बजाने एवं म्यूजिकल बैंड शो करते हैं।
दिव्यांश के अनुसार, लखनऊ में एक शो के दौरान उनकी मुलाकात मो. खुर्शीद अहमद और टीना भाई से हुई। दोनों ने एक बड़े कलाकार का शो कराने का प्रस्ताव रखा। बातचीत के दौरान भोजपुरी गायक पवन सिंह का कार्यक्रम कराने की योजना बनी।
पीड़ित ने बताया कि उनके मित्र निहाल सिंह ने उन्हें अपने परिचित निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह से मिलवाया। आरोप है कि इन लोगों ने दावा किया कि उनका पवन सिंह से सीधा संपर्क है और 13 लाख रुपये में बुकिंग करवा देंगे। इसमें 9 लाख रुपये एडवांस तथा 4 लाख रुपये शो के दिन देने की बात तय हुई।
पीड़ित के मुताबिक, उनके पार्टनरों द्वारा पहले लगभग 9.96 लाख रुपये उनके बैंक खाते में जमा कराए गए। इसके बाद 9 लाख रुपये कथित बुकिंग के लिए ट्रांसफर किए गए। साथ ही वेन्यू, सिक्योरिटी, टेंट, विज्ञापन और सोशल मीडिया प्रमोशन के नाम पर करीब 5.01 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च कराए गए।
दिव्यांश ने बताया कि उनके ई-मेल पर पवन सिंह के नाम से कन्फर्मेशन मेल भी प्राप्त हुआ, जिसके बाद शो का व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया। हालांकि बाद में इंस्टाग्राम पोस्ट पर पवन सिंह के मैनेजर की ओर से संदेश मिला कि लखनऊ में ऐसा कोई शो तय नहीं है और किया जा रहा प्रचार पूरी तरह फर्जी है।
इसके बाद जब पीड़ित ने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की तो पहले टालमटोल की गई और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया गया। आरोप है कि आरोपितों ने कूटरचना कर फर्जी ई-मेल के माध्यम से विश्वास में लेकर करीब 14 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
पीड़ित की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज की गई, जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर को सौंपी गई। जांच के आधार पर अतरौलिया थाना पुलिस ने निहाल पुत्र नरेन्द्र (निवासी भोराजपुर, थाना अतरौलिया), निशांत पुत्र विनय (निवासी भैरोपुर, थाना अतरौलिया), नितिन पुत्र धीरेन्द्र (निवासी भीलमपुर छपरा, थाना अतरौलिया) और अमन पुत्र संदीप (निवासी 1/274 विनम्रखण्ड, गोमती नगर, विभूति खण्ड, लखनऊ) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button