Azamgarh news :सुरक्षा एवं जागरूकता की दिशा में बड़ी पहल: ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन, मिशन शक्ति एवं साइबर सेल की संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित
सुरक्षा एवं जागरूकता की दिशा में बड़ी पहल: ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन, मिशन शक्ति एवं साइबर सेल की संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद आजमगढ़ डॉ० अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में जनमानस की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग, मिशन शक्ति एवं साइबर क्राइम की संयुक्त टीम द्वारा क्रॉस बेको वेलो पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ में एक भव्य मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विभिन्न संभावित खतरों एवं आपात स्थितियों के प्रति सचेत एवं तैयार करना रहा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जागरूकता
टीएसआई जयशंकर सिंह द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता तथा ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों की सहायता करने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग का प्रदर्शन
अग्निशमन टीम द्वारा अग्नि सुरक्षा का जीवंत प्रदर्शन किया गया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने एवं बहुमंजिला भवनों से लोगों को सुरक्षित निकालने (रेस्क्यू ऑपरेशन) का अभ्यास कराया गया।
मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूकता
महिला सुरक्षा दल द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को ‘वूमेन पावर लाइन 1090’ सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के प्रति जागरूक किया गया।
साइबर क्राइम से बचाव के उपाय
साइबर विशेषज्ञों द्वारा डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी स्कैम एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही ‘साइबर हेल्पलाइन 1930’ के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
“इस प्रकार की संयुक्त मॉक ड्रिल से न केवल पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ती है, बल्कि आमजन में सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ होता है। आपात स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम को कम करना हमारी प्राथमिकता है।”
इस अवसर पर यातायात शाखा से उ0नि0 जयशंकर सिंह, का0 टीपी रत्नेश यादव, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन से उ0नि0 आशीष शुक्ला, म0का0 शिखा तिवारी (मिशन शक्ति), अग्निशमन विभाग से का0फा0 नीरज कुमार दूबे, का0फा0 श्रवण, थाना मुबारकपुर/लोहरा चौकी से उ0नि0 शमशाद खाँ, हे0का0 अरविन्द सिंह यादव, का0 सर्वेश चौरसिया तथा थाना मुबारकपुर से का0 रोहित उपाध्याय एवं म0का0 शिवानी सिंह उपस्थित रहे।



