Lucknow news :लखनऊ में फ्रीजर से मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ में फ्रीजर से मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की बंद दुकान के डीप फ्रीजर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
चार दिन से बंद थी दुकान
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक अपने पिता के निधन के कारण अंतिम संस्कार में शामिल होने बाहर गया हुआ था। इस दौरान दुकान करीब चार दिन से बंद थी। वापस लौटने के बाद जब उसने रोजमर्रा की तरह दुकान खोली और डीप फ्रीजर चेक किया, तो अंदर युवक का शव देखकर उसके होश उड़ गए।
दुकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के कई पहलुओं पर काम
प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत कैसे हुई और वह फ्रीजर तक कैसे पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
उत्तरी जोन के पुलिस उपायुक्त गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि दुकान चार दिन से बंद थी, ऐसे में शव वहां कब और किन परिस्थितियों में रखा गया, यह जांच का अहम बिंदु है। क्षेत्र में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया गया है।



