Azamgarh News: अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, बिलरियागंज व फरिहाँ में छापेमारी से मचा हड़कंप

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, बिलरियागंज व फरिहाँ में छापेमारी से मचा हड़कंप

आजमगढ़ जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन आर वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बिलरियागंज और फरिहाँ क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिससे अवैध संस्थानों में हड़कंप मच गया।
डिप्टी सीएमओ/नोडल नर्सिंग होम प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कई अस्पताल एवं क्लीनिक बिना पंजीकरण और मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित पाए गए।
बिलरियागंज के चाँदपट्टी (करमैनी) स्थित “आंख का अस्पताल एवं चश्मा घर” की कई शिकायत मिलीं थी इसको पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने तथा अवैध ऑपरेशन की सूचना के आधार पर तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। इसके संचालन की काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी।
इसके अलावा “जायसवाल डेंटल केयर सेंटर” को अपंजीकृत पाए जाने पर 3 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आजमपुर बाजार स्थित “दुबे पैथोलॉजी सेंटर” और “यूनिक डेंटल केयर सेंटर” को भी बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने पर नोटिस जारी करते हुए सभी वैध अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
फरिहाँ में भी सख्त कार्रवाई
फरिहाँ क्षेत्र में “विद्या हेल्थ केयर सेंटर एवं जच्चा-बच्चा केंद्र” का निरीक्षण किया गया, जहां पंजीकरण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर उसके ऑपरेशन थियेटर (OT) को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
साथ ही “आयुष पाली क्लीनिक” को भी अपंजीकृत पाए जाने पर 3 दिन का नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन आर वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में अवैध एवं मानकविहीन चिकित्सा संस्थानों का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नोटिस प्राप्त संस्थानों द्वारा निर्धारित समय में वैध अभिलेख प्रस्तुत न करने की स्थिति में उन्हें पूर्ण रूप से सीज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में ऐसे अवैध संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button