Azamgarh News: CMO की तत्परता से घायल शिक्षक को समय पर मिला इलाज, एम्बुलेंस से भेजवाया अस्पताल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

CMO की तत्परता से घायल शिक्षक को समय पर मिला इलाज, एम्बुलेंस से भेजवाया अस्पताल

आजमगढ़ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने शनिवार को संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक शिक्षक को समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
जानकारी के अनुसार, डॉ. वर्मा आज लालगंज तहसील दिवस से लौट रहे थे। इसी दौरान रानी की सराय-आजमगढ़ मार्ग पर टोल प्लाजा के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। तेज धूप के बीच राहगीर गुजर रहे थे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. वर्मा ने तत्काल वाहन रुकवाया और अपने अर्दली व स्टाफ की सहायता से घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस को कॉल कर मौके पर बुलाया और घायल को जिला पुरुष चिकित्सालय, आजमगढ़ भिजवाया, जहाँ उसका उपचार शुरू कर दिया गया है।
अस्पताल की केस शीट के अनुसार घायल की पहचान श्री ओमप्रकाश यादव (62 वर्ष) निवासी अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। उन्हें 18 अप्रैल 2026 को शाम 4:03 बजे भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार मामला सड़क दुर्घटना (आरटीए) का है, जिसमें मरीज के शरीर में कई स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच में दाहिने पैर, कंधे और हाथ की हड्डियों में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है। हालांकि, हेलमेट पहने होने के कारण सिर में कोई गंभीर चोट नहीं आई है और मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद डॉ. वर्मा स्वयं मंडलीय जिला चिकित्सालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने घायल का हालचाल लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से मरीज को लगी चोटों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही, मौके पर मौजूद परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।
डॉ. वर्मा द्वारा मौके पर दिखाई गई तत्परता, त्वरित निर्णय और बाद में अस्पताल पहुँचकर की गई मानवीय पहल की स्थानीय लोगों व जिला चिकित्सालय में उपस्थित चिकित्सकों व अन्य लोगों ने सराहना की है। यह घटना आपात स्थिति में संवेदनशीलता और जिम्मेदार प्रशासनिक कार्यशैली का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button