Azamgarh News: तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, कई घायल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, मां-बेटे की दर्दनाक मौत, कई घायल

आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर DPS स्कूल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में एक महिला और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के मीरापुर बसही निवासी रमेश प्रसाद के परिजन ऑटो रिक्शा जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर (UP65JT7743) से आजमगढ़ से वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही ऑटो चेवार पूरब गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक बड़े ट्रक में जा घुसा।
हादसे में ऑटो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सीएचसी टिकरगढ़ लालगंज पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 30 वर्षीय सुस्मिता और उसके 4 वर्षीय बेटे कल्लू ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
घटना में घायल सुख्खा देवी, सुशीला, परी और जय का इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a), 125(b) और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुल्तान खां को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button