Azamgarh News: तिलक से दो दिन पहले उजड़ गई खुशियां, शादी वाले घर समेत तीन मकानों में लाखों की चोरी, बिलखता रहा परिवार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

तिलक से दो दिन पहले उजड़ गई खुशियां, शादी वाले घर समेत तीन मकानों में लाखों की चोरी, बिलखता रहा परिवार

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के चांदपुर हरिजन बस्ती में बीती 22-23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने एक परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार के घर से तिलक के लिए रखे गए एक लाख रुपये समेत लाखों के जेवरात और सामान चोरी हो जाने से पूरा परिवार बदहवास है। घटना में कुल तीन घरों को निशाना बनाया गया।
जानकारी के अनुसार, चोर घरों के पीछे के रास्ते छत पर चढ़े और फिर सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर गए। बताया जा रहा है कि सीढ़ियों पर कोई दरवाजा नहीं लगा था, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से घरों में घुस गए। रातभर चोर घरों को खंगालते रहे और परिवारों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब लोग जागे तो बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए।
गांव निवासी जगदीश राम पुत्र बलदेव राम ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय है और 25 अप्रैल को तिलक लेकर जाना था। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। घर में रिश्तेदारों के आने-जाने का माहौल था, लेकिन चोरों ने रात में उनकी सारी खुशियों पर पानी फेर दिया।
चोरों ने बक्से की कुंडी तोड़कर उसमें रखी दो सोने की अंगूठी, एक घड़ी, एक मंगलसूत्र, एक नथुनी, दो जोड़ी मीना, एक कान का झाला, दो जोड़ी चांदी की छागल, कई नई साड़ियां और तिलक के लिए रखे गए ₹1 लाख नगद चोरी कर लिए।
रोते हुए जगदीश राम ने कहा कि “इस पैसे की जानकारी सिर्फ मुझे और मेरी पत्नी को थी। अब बेटी का तिलक कैसे होगा, यही समझ नहीं आ रहा है।” चोरों ने घर में रखे हुए अनाज के ड्रम को ही खंघाला,
जगदीश के घर की महिलाएं रो-रोकर बेहाल थीं। जिस घर में शादी के गीत गूंजने थे, वहां चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला।
इसी क्रम में चोरों ने जगदीश के सगे भाई श्रीनाथ पुत्र बलदेव राम के घर को भी निशाना बनाया। वहां से एक एंड्रायड मोबाइल फोन तथा ₹1500 नगद, चांदी की एक अंगूठी और दो सेट मीना चोरी कर लिए गए।
वहीं तीसरे घर कमला राम पुत्र स्व. राजदेव राम के यहां भी चोरों ने जमकर हाथ साफ किया। यहां शादी में शामिल होने आई विवाहित बेटी के जेवरात भी चोर उठा ले गए। बेटी के चोरी हुए सामान में सोने की नथिया, मांगटीका, दो सोने की अंगूठी, दो पावजेब, कान का झाला, सोने का टप्स, दो मंगलसूत्र, चांदी की माला, सोने का लॉकेट, चांदी की छागल शामिल हैं।
इसके अलावा बड़ी कमला राम की बड़ी बहू मीना के पावजेब, मांगटीका, मंगलसूत्र और कान का झाला, तथा छोटी बहू मंजू के नथिया, मांगटीका, चांदी का करधन, दो सोने की अंगूठी, चांदी का पावजेब और हाथ पलानी भी चोर उठा ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 की टीम, बिलरियागंज थाने के दो सब इंस्पेक्टर, पांच सिपाही और फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि एक ही रात में तीन घरों में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वहीं शादी वाले घर में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बेटी का तिलक और शादी कैसे होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button