Azamgarh News: बीकापुर की बनवासी बस्ती में भीषण अग्निकांड: चार परिवारों के आशियाने जलकर राख, सपा विधायक बेचई सरोज ने बांटी राहत सामग्री*  

*बीकापुर की बनवासी बस्ती में भीषण अग्निकांड: चार परिवारों के आशियाने जलकर राख, सपा विधायक बेचई सरोज ने बांटी राहत सामग्री*

*विधायक ने दिया हर संभव मदद का भरोसा, प्रधानों व जनप्रतिनिधियों ने जताई पीड़ितों से संवेदना*

ठेकमा आजमगढ़

*आजमगढ़।* विकास खण्ड ठेकमा की ग्राम पंचायत बीकापुर की बनवासी बस्ती में बीते दिन लगी भीषण आग ने चार गरीब परिवारों को बेघर कर दिया। देखते ही देखते कच्चे मकान व गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं।

अग्निकांड में रमेश पुत्र मेंटल, दिनेश पुत्र मेंटल, प्रकाश पुत्र चिनई और सुरेश पुत्र चिनई के मकान पूरी तरह जल गए। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा अनाज, कपड़े, चारपाई और जरूरी कागजात भी नहीं बचाए जा सके। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज के सपा विधायक बेचई सरोज बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवारों से मिलने बीकापुर पहुंचे। विधायक ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया और अपने हाथों से आर्थिक मदद व राशन किट, तिरपाल, बर्तन व अन्य जरूरी राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे हर कदम पर परिवारों के साथ खड़े हैं। प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर पीड़ितों को प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।

इस मौके पर बीडी प्रसाद,बीकापुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र राजभर, उसरी प्रधान योगेंद्र यादव, बक्शपुर प्रधान प्रतिनिधि दानिश खान, पूर्व प्रधान तालिब खान, कोटेदार सद्दाम, सभाजीत, अनील , प्रतीक कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि तत्काल नुकसान का आकलन कराकर पीड़ितों को मुआवजा व आवास की व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात से पहले उन्हें छत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button