Azamgarh News: यूपी बोर्ड रिजल्ट में अलगू स्मारक इंटर कॉलेज का परचम, बेटियों ने बढ़ाया मान; खुशी से अभिभावकों की आंखें हुईं नम

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
यूपी बोर्ड रिजल्ट में अलगू स्मारक इंटर कॉलेज का परचम, बेटियों ने बढ़ाया मान; खुशी से अभिभावकों की आंखें हुईं नम
आजमगढ़ जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार को घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम ने आजमपुर चकिया स्थित अलगू स्मारक इंटर कॉलेज में खुशियों की ऐसी सौगात दी, जिसे देखकर मारे खुशी के हर किसी की आंखें नम और चेहरा गर्व से चमक उठा। विद्यालय का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, विद्यालय परिसर तालियों, मिठाइयों और बधाइयों से गूंज उठा।
इस बार विद्यालय की बेटियों ने अपनी मेहनत और लगन से इतिहास रच दिया। सौम्या चौरसिया ने हाई स्कूल परीक्षा में 94.5 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे जनपद में नौवां स्थान प्राप्त किया। वहीं अर्चना प्रजापति ने 94 प्रतिशत अंक पाकर जनपद में दसवां स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। दोनों छात्राओं की सफलता की खबर मिलते ही उनके घरों में खुशी का माहौल बन गया। माता-पिता ने बेटियों को मिठाई खिलाकर गले लगाया। कई परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं।
सौम्या के पिता ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी बेटी को पढ़ाने का सपना देखा था और आज उसकी मेहनत ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। वहीं अर्चना की मां ने कहा कि गांव की बेटियां अब किसी से कम नहीं हैं, बस उन्हें अवसर और प्रोत्साहन की जरूरत होती है।
विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मृदालनी यादव ने 80 प्रतिशत, प्रिया यादव ने 82 प्रतिशत, प्रियांशी ने 84 प्रतिशत, अनुज यादव ने 80 प्रतिशत, समीर यादव ने 88 प्रतिशत, अविनाश ने 82 प्रतिशत और आदित्य शर्मा ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। तो वही इंटरमीडिएट में आरती 87% सलोनी82% देवांश राय अंकित यादव तथा नीतू प्रजापति में 80 परसेंट अंक प्राप्त कर नामरशन किया।
रिजल्ट आने के बाद विद्यालय में छात्रों के बीच जश्न का माहौल देखने को मिला। किसी ने अपने दोस्त को मिठाई खिलाई तो किसी ने फूल-मालाओं से सम्मान किया। छात्र-छात्राएं एक-दूसरे को गले लगाकर अपनी खुशी साझा करते नजर आए।
विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षकों ने जिस समर्पण भाव से बच्चों को पढ़ाया, उसी का नतीजा है कि आज गांव के बच्चे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। कई अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की सफलता ने उनके संघर्ष भरे जीवन को नई उम्मीद दी है।
विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम सिर्फ अंकों की सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के विश्वास की जीत है।
पूरे दिन विद्यालय परिसर खुशियों से सराबोर रहा। कहीं ढोलक की थाप सुनाई दी तो कहीं मिठाइयों की मिठास ने माहौल को और खास बना दिया। इस शानदार सफलता ने न सिर्फ विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को भी बड़ा सपना देखने और उसे पूरा करने की प्रेरणा दी है।



