Azamgarh News: भागवत ग्राम सभा में गूंजा कविताओं का स्वर, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देर रात तक झूमे श्रोता

- भागवत ग्राम सभा में गूंजा कविताओं का स्वर, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देर रात तक झूमे श्रोता
जहानागंज (आजमगढ़)।
क्षेत्र के भागवत ग्राम सभा में शुक्रवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का माहौल इतना जीवंत रहा कि देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट और “वाह-वाह” की गूंज से पूरा परिसर कविमय बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर वशिष्ठ अनूप ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच समाज में सकारात्मक चेतना और सांस्कृतिक जागरूकता का संचार करते हैं।
कवि सम्मेलन में गोरखपुर से आए भूषण त्यागी, बिहार से नागेश शांडिल्य तथा देवरिया से बादशाह प्रेमी ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके शब्दों में जहां ओज और राष्ट्रभावना थी, वहीं सामाजिक विसंगतियों पर तीखा प्रहार भी देखने को मिला।
इसी क्रम में कवि नागेश शांडिल्य ने अपनी विशिष्ट शैली में प्राइमरी स्कूल और मिड-डे मील पर व्यंग्य प्रस्तुत करते हुए “प्राइमरी के पांच फायदे” गिनाए। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील का भोजन बच्चों को स्वस्थ बनाता है, कक्षा एक से पांच तक के बच्चे मासूम होते हैं और शिक्षकों के प्रति सम्मान रखते हैं। साथ ही उनकी पंक्तियां— “हे भगवान, हम हैं सच्चे, क्योंकि हम पढ़ते बच्चे”—ने उपस्थित शिक्षकों और श्रोताओं के बीच खासा उत्साह भर दिया। इस प्रस्तुति पर बड़ी संख्या में मौजूद प्राथमिक शिक्षकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
महिला कवयित्रियों ने भी मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। देवरिया से गुनगुन गुप्ता, लखनऊ से अंकिता शुक्ला एवं अयोध्या से रुचि दुबे ने महिला सुरक्षा, समाज में नारी की स्थिति और समकालीन विषयों पर अपनी प्रभावशाली कविताओं से दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को पूरे सभागार से भरपूर सराहना मिली।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने किया, जिन्होंने अपने रोचक अंदाज से पूरे आयोजन को ऊर्जावान बनाए रखा।
आयोजन के मुख्य सूत्रधार प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री शिव प्रकाश चौबे एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार चौबे रहे। उन्होंने सभी अतिथियों एवं कवियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संयोजक ओम प्रकाश चतुर्वेदी, प्रेम प्रकाश चतुर्वेदी, डॉ. हरिप्रकाश चौबे, डॉ. दीपक चतुर्वेदी, नमो प्रकाश चौबे, सुधांशु चतुर्वेदी, प्रियांशु, सूर्यांशु सहित प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, डॉ. विवेक सिंह, विकास सिंह एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



