Azamgarh News: सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सड़क दुर्घटना में 13 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ जनपद के तरवा थाना अंतर्गत सरायभादो गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 6 के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार सरायभादो निवासी हीरालाल यादव का 13 वर्षीय पुत्र विकास यादव शनिवार दोपहर साइकिल से गांव के पास स्थित पिच रोड पर सामान लेने गया था। इसी दौरान चिरैयाकोट की तरफ से खरिहानी बाजार की ओर जा रही एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक दो भाइयों में छोटा था और बाल गोपाल इंटर कॉलेज में कक्षा 6 का छात्र था। उसके बड़े पिता राजनाथ यादव विद्यालय वाहन चलाते थे, जिससे वह स्कूल जाया करता था।

मृतक के पिता हीरालाल यादव खरिहानी बाजार में एक मिठाई की दुकान पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां मंशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। गांव में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ पड़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button