Azamgarh News: सोते समय छात्रा को विषैले सांप ने डसा, इलाज से पहले मौत

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय:
सोते समय छात्रा को विषैले सांप ने डसा, इलाज से पहले मौत
आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत ताड़ी गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना में 16 वर्षीय छात्रा की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ताड़ी गांव निवासी श्याम सुंदर सरोज की पुत्री रितिका सरोज (16 वर्ष) कक्षा 11वीं की छात्रा थी। शुक्रवार की रात वह अपने घर के कमरे में सो रही थी। रात करीब 12 बजे उसे किसी विषैले सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सीएचसी बिलरियागंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर है।



