Azamgarh News: शिकायत निस्तारण के लिए जा रहे बिजलीकर्मी सड़क हादसे में घायल, आमने-सामने की टक्कर के बाद बाइक सवार फरार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

शिकायत निस्तारण के लिए जा रहे बिजलीकर्मी सड़क हादसे में घायल, आमने-सामने की टक्कर के बाद बाइक सवार फरार

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक पर तैनात दो बिजलीकर्मी सोमवार को क्षेत्र में उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कर्मचारी घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार महेंद्र कुमार (टीजी-2) निवासी हुंसेपुर थाना महराजगंज तथा सूर्यभान, सहायक लाइनमैन निवासी दाम शनिचरा की नियुक्ति विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक पर है। दोनों कर्मचारी एक ही बाइक से क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए निकले थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान बिलरियागंज की तरफ से आजमगढ़ की ओर जा रहे एक अज्ञात बाइक सवार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कर्मचारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में महेंद्र कुमार का पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया और डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच मे फ्रैक्चर होना बताया। उनके शरीर पर भी कई जगह चोटें आई हैं। वहीं सहायक लाइनमैन सूर्यभान को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहीं दुर्घटना के बाद दूसरा अज्ञात बाइक सवार अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button