Azamgarh News: चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदलीं, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में शिक्षिका व अधिवक्ता की मौत

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय
चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदलीं, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में शिक्षिका व अधिवक्ता की मौत
आजमगढ़। चारधाम यात्रा पूरी कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए सोमवार की सुबह खुशियों भरी वापसी एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक कार आगे चल रहे ऑक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में गाजीपुर जनपद के जखनिया थाना क्षेत्र के अल्लीपुर मनरा गांव निवासी 48 वर्षीय सुनीता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सुनीता सिंह रामपुर मनरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। उनकी अचानक मौत की खबर से विद्यालय परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं हादसे में भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव निवासी 50 वर्षीय रजनीश पांडेय, जो पेशे से अधिवक्ता थे, ने भी दम तोड़ दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे के समय कार चला रहे 55 वर्षीय अखिलानंद तिवारी, जो मृतका सुनीता सिंह के पति बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा संजय पांडेय और उनकी पत्नी रानी पांडेय भी हादसे में घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक आगे चल रहे ऑक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तहबरपुर पुलिस और यूपीडा के राहतकर्मी मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु चारधाम की पवित्र यात्रा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



