Azamgarh News: लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप, गले पर चोट के निशान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप, गले पर चोट के निशान
आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र के नसरुद्दीनपुर गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कई दिनों से लापता चल रहे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही तहबरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। वहीं साक्ष्य संकलन के लिए एसओजी और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम सुराग एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर कटने जैसे निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि युवक के लापता होने के मामले सहित हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।



