Azamgarh News: आजमगढ़ में नाबालिगों से जुड़े तीन बड़े अपराधों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में नाबालिगों से जुड़े तीन बड़े अपराधों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिगों से जुड़े गंभीर अपराधों के मामलों में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी मामलों में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पहला मामला थाना पवई क्षेत्र का है, जहां एक नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीड़िता के परिजन द्वारा 28 अप्रैल 2026 को दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 29 अप्रैल को बलुआ मोड़ से आरोपी शिवशंकर (35 वर्ष), निवासी दनियालपुर, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई थाना जहानागंज पुलिस ने की, जहां नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 25 अप्रैल 2026 को दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस ने 29 अप्रैल को सुहेलदेव विश्वविद्यालय मोड़ से आरोपी मोनू (23 वर्ष), निवासी बरहतीर जगदीशपुर, को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
तीसरा मामला थाना बिलरियागंज क्षेत्र का है, जहां कोचिंग के बहाने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। 28 अप्रैल 2026 को दर्ज मुकदमे में आरोप है कि आरोपी ने पढ़ाई के दौरान नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसका शोषण किया। पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को भीमबर नहर पुलिया के पास से आरोपी आनन्द प्रजापति, निवासी रसूलपुर नन्दलाल, को गिरफ्तार किया।तीनों मामलों में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



