Azamgarh News: भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान और झमाझम बारिश से मिली राहत, शादी समारोहों की तैयारियों पर फिरा पानी

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भीषण गर्मी के बीच आंधी-तूफान और झमाझम बारिश से मिली राहत, शादी समारोहों की तैयारियों पर फिरा पानी
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड क्षेत्र में बुधवार की शाम करीब 4:30 बजे अचानक मौसम ने ऐसा रुख बदला कि लोग हैरान रह गए। पूरे दिन भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को उस समय राहत मिली जब आसमान में अचानक काले घने बादल छा गए और तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से आम जनजीवन प्रभावित रहा। लोग घरों में कैद रहने को मजबूर थे, वहीं बाजारों और सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। शाम होते-होते अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश की बूंदें जहां गर्म धरती को ठंडक पहुंचा रही थीं, वहीं बच्चों और युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
हालांकि यह बारिश कई परिवारों के लिए परेशानी भी बन गई। इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चरम पर है और क्षेत्र में तिलक, विवाह तथा बहुभोज कार्यक्रमों की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही थीं। अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने कई घरों में लगे टेंट उखाड़ दिए, सजावट सामग्री खराब हो गई और भोजन की तैयारियों को भी भारी नुकसान पहुंचा। कई परिवारों की महीनों की तैयारी कुछ ही मिनटों में अस्त-व्यस्त हो गई।
तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ और उनकी बड़ी-बड़ी डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। कुछ जगहों पर बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। अंधेरा होते ही कई गांवों में लोग बिजली संकट से जूझते नजर आए।
एक ओर जहां बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी, वहीं दूसरी ओर अचानक बदले मौसम ने कई लोगों की खुशियों पर पानी फेर दिया। फिलहाल क्षेत्र में लोग मौसम सामान्य होने और बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।



