Azamgarh News: आयुष्मान भारत दिवस पर सीएमओ ने लाभार्थियों को चैंबर में वितरित किए गोल्डन कार्ड, स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश 

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

आयुष्मान भारत दिवस पर सीएमओ ने लाभार्थियों को चैंबर में वितरित किए गोल्डन कार्ड, स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश

आयुष्मान भारत दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने अपने कार्यालय कक्ष में चयनित लाभार्थियों राजू, आकाश, सुभाष, सूरज गौड़ एवं अब्दुल कादिर को आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरित कर उन्हें योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एडिशनल सीएमओ एवं नोडल आयुष्मान डॉ. उमाशरण पांडेय भी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनपद में अधिकांश पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा चुका है, जबकि शेष लाभार्थियों को शीघ्र आच्छादित करने के लिए अभियान को और तेज किया गया है। वर्तमान में गोल्डन कार्ड निर्माण की प्रगति लगभग 67 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 90 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि हाल के महीनों में विशेष अभियान चलाकर बड़ी संख्या में गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं तथा अधिक से अधिक लाभार्थी सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार प्राप्त कर रहे हैं।

सीएमओ ने कहा कि डेटा मिलान में आ रही कुछ तकनीकी समस्याओं—जैसे नाम की त्रुटियां एवं लंबित रिकॉर्ड के समाधान के लिए शासन स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में इस दिशा में और तेजी आने की संभावना है, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ना और आसान होगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कैंप, फील्ड विजिट एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में डोर-टू-डोर सत्यापन, विशेष कैंपों का आयोजन एवं अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग से योजना के क्रियान्वयन में तेजी आई है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

अंत में मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और पात्र व्यक्तियों को इसके प्रति जागरूक करें, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जा सके।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button