Azamgarh News: बंगाल विजय के उपरांत डॉ. ओंकार राय का आजमगढ़ में प्रथम आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

बंगाल विजय के उपरांत डॉ. ओंकार राय का आजमगढ़ में प्रथम आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

आजमगढ़ जनपद के हरैया मंडल अंतर्गत मऊक़ुतुबपुर गांव में शुक्रवार को भारत सरकार के STPI के पूर्व महानिदेशक, स्टार्टअप ओडिशा के पूर्व डीजी एवं आइडिया स्टार्टअप पर्व के संस्थापक डॉ. ओंकार राय के पश्चिम बंगाल विजय के उपरांत प्रथम आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के बिलरियागंज मंडल एवं हरैया मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. ओंकार राय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक सफलता भारतीय जनता पार्टी के समर्पित एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या एवं अथक परिश्रम की विजय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी तथा पश्चिम बंगाल के प्रभारी श्री सुनील बंसल जी के कुशल नेतृत्व एवं रणनीति का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से व्याप्त अराजकता, भ्रष्टाचार एवं लूट से आम जनमानस त्रस्त था और वहां की जनता परिवर्तन चाहती थी। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं के संघर्ष एवं समर्पण को बंगाल की जनता ने सम्मान देते हुए भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक समर्थन प्रदान किया।

डॉ. राय ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज साकार होता दिखाई दे रहा है तथा पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवाद का भगवा ध्वज नई ऊर्जा के साथ लहरा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पश्चिम बंगाल की यह विजय आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगी।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों की बौखलाहट स्पष्ट दिखाई दे रही है। ईवीएम को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम एवं मनगढ़ंत आरोप उनकी हताशा का परिणाम हैं। जनता अब विकास, सुशासन एवं राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष श्री रूद्र प्रकाश राय, हरैया मंडल अध्यक्ष श्री सुधीर राय, डॉ विजेंद्र राय,अभिषेक राय जी, रवि वर्मा,अभिषेक सोनकर ,रामनरायन राय, रामनारायण सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button