प्रमंडलीय आयुक्त ने बालक गृह एवं बालिका गृह का किया निरीक्षण

The Divisional Commissioner inspected the Boys' Home and the Girls' Home.

बच्चों की सुरक्षा एवं पुनर्वास व्यवस्था की ली जानकारी

चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त श्री मनोज कुमार ने चतरा जिला अंतर्गत पकरिया स्थित मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण योजना के तहत संचालित बालिका गृह एवं बालक गृह का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने सर्वप्रथम बालिका गृह में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने आश्रय गृह में रह रही बालिकाओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में गृह में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं बच्चों के रहन-सहन की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया। कई बालिकाओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

दिव्यांग एवं मूक-बधिर बालिकाओं के संबंध में रांची स्थित सीआईपी से सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों को मासिक स्तर पर उपलब्ध कराने तथा बालिकाओं के परिवार एवं स्थायी पते की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कंप्यूटर, टाइपिंग एवं सिलाई प्रशिक्षण से जोड़ने तथा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने को कहा गया।

इस दौरान केंद्रीय पंजी, बच्चों की उपस्थिति पंजी, व्यक्तिगत फाइल, सीडब्ल्यूसी द्वारा निर्गत प्रपत्र, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा पौधारोपण भी किया गया।

तत्पश्चात प्रमंडलीय आयुक्त ने बालक गृह का निरीक्षण किया, जहां आवासित बच्चों द्वारा स्वागत गीत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। निरीक्षण के क्रम में बच्चों से सीधे संवाद स्थापित कर उनके दैनिक जीवन, भोजन व्यवस्था, शिक्षा, खेलकूद, साफ-सफाई एवं गृह संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई।

उन्होंने मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण अंतर्गत प्रयोजन योजना के दो नए लाभुकों को चेक के माध्यम से सहायता राशि भी प्रदान की गई।

मौके पर उपायुक्त श्री रवि आनंद, उप विकास आयुक्त श्री अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता श्री अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री जहूर आलम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती रेणु रवि, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अरुणा प्रसाद सहित बालक गृह बालिका गृह के कर्मी गण उपस्तिथ थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button