उपायुक्त की अध्यक्षता में बूढ़ा पहाड़ विकास परियोजना की समीक्षात्मक बैठक हुई आयोजित

सुनील कुमार, लातेहार। उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में बूढ़ा पहाड़ विकास परियोजना से संबंधित समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा बूढ़ा पहाड़ विकास परियोजना अन्तर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।*
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में संचालित योजनाओं का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, लातेहार को निर्देशित किया कि अक्सी एवं ओरसा पंचायत के विभिन्न गांवों एवं टोलों में प्राथमिकता के आधार पर विद्युतीकरण सुनिश्चित किया जाए। बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ कराने हेतु यथाशीघ्र बिजली की आपूर्ति कराने तथा बिजली की कमी को दूर करने के लिए जल्द से ग्राम/पंचायतों में पावर ग्रीड अधिष्ठापन करने का निदेश दिया गया, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सके।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देशित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से वंचित परिवारों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई की जाए, ताकि प्रत्येक परिवार को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने गर्मी के मौसम को देखते हुए क्षेत्र में बिजली एवं पेयजल की सुविधा हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को कहा कि पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा आमजन को निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बूढ़ा पहाड़ विकास परियोजना अन्तर्गत समीक्षा के क्रम में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत जिन अहर्ताधारी इच्छुक परिवारों के पास जॉब कार्ड उपलब्ध नहीं है एवं जिन वयस्कों का बैंक खाता नहीं खोला गया है तथा जिन व्यक्तियों का आधार कार्ड निर्गत नहीं है के संबंध में उपायुक्त के द्वारा विशेष कैम्प लगाकर जल्द से जल्द उक्त कार्य को पूर्ण करने का निदेश दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति करने तथा बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने आधारभूत संरचना, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ एवं विकास से वंचित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव, उप निदेशक, पलामू व्याघ्र परियोजना, उत्तरी प्रमंडल श्री कुमार आशीष, उप निदेशक, पलामू व्याघ्र परियोजना, दक्षिणी प्रमंडल श्री ब्रजेश कांत जेना, उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक श्री प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, डीआरडीए निदेशक श्री प्रभात रंजन चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button