Azamgarh News: बिलरियागंज में टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज में टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज स्थानीय बाजार के भीमबर रोड स्थित शमा टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार रात लगभग 8:30 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भगतपुर निवासी मेराज अहमद पुत्र मुमताज की भीमबर रोड पर अपने ही मकान में टेंट हाउस की दुकान है। मेराज अहमद ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। लगभग आधे घंटे बाद पड़ोसियों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मेराज अहमद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
आग की चपेट में आने से अहाते में रखा लगभग 150 मैट, पर्दे, सीलिंग तथा प्लाई की शटरिंग जलकर राख हो गई। हालांकि गोदाम के पीछे लगा लोहे का दरवाजा आग को अंदर जाने से रोकने में सहायक साबित हुआ, जिससे गोदाम के भीतर रखा बाकी सामान सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित द्वारा पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।



