अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

घोसी।मऊ। तहसील बार एसोसिएशन घोसी के अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों में भी दीवानी न्यायालयों की तर्ज पर ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के माननीय राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि दीवानी न्यायालयों में प्रत्येक वर्ष भीषण गर्मी के दौरान लगभग एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाता है, जिससे अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कर्मचारियों को राहत मिलती है। वहीं राजस्व न्यायालयों में इस प्रकार की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं वादकारियों को अत्यधिक गर्मी में कठिन परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग की कि राजस्व न्यायालयों में भी दीवानी न्यायालयों की भांति लगभग एक माह का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए, ताकि सभी संबंधित लोगों को राहत मिल सके तथा न्यायिक कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
इस अवसर पर तहसील बार एसोसिएशन घोसी के महामंत्री जयहिंद सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपुल कुमार राय, उमाशंकर उपाध्याय एडवोकेट, अतुल शर्मा, सतीश पांडेय,धर्मेंद्र कुमार एडवोकेट सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button