Azamgarh News: रिश्वत मांगने और अनुशासनहीनता के आरोप में अतरौलिया थाने के उपनिरीक्षक निलंबित

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय
रिश्वत मांगने और अनुशासनहीनता के आरोप में अतरौलिया थाने के उपनिरीक्षक निलंबित
आजमगढ़ जनपद में पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अतरौलिया में तैनात उपनिरीक्षक मायापति पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग से जारी जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक मायापति पाण्डेय पर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता बरतने के गंभीर आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, उन पर उत्कोच यानी रिश्वत की मांग कर आम जनता के बीच पुलिस विभाग की नकारात्मक छवि प्रस्तुत करने का भी आरोप है।
बताया गया कि 12 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान मामले की जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय कार्यवाही के आदेश जारी कर दिए।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की साख और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए भ्रष्टाचार एवं अनुशासनहीनता के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्ट आचरण या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



