Azamgarh News: पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा की बड़ी कार्रवाई, 90 कुंतल से अधिक राशन घोटाले का खुलासा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा की बड़ी कार्रवाई, 90 कुंतल से अधिक राशन घोटाले का खुलासा
आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत गरीबों के राशन पर डाका डालने वालों के खिलाफ विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा की सतर्कता और सक्रियता से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़े पैमाने पर खाद्यान्न गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। जांच में उचित दर विक्रेता की दुकान से 90.19 कुंतल खाद्यान्न गायब मिला, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कंधरापुर थाना में मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिलरियागंज गोदाम से उचित दर विक्रेताओं को दी जा रही खाद्यान्न डिलीवरी का औचक निरीक्षण किया गया। इसी दौरान दुल्लहपार अंडरपास के पास ट्रक संख्या यूपी 93 टी 4551 की जांच में 15 बोरी गेहूं कम मिलने के बाद पूर्ति विभाग की टीम ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
जांच के क्रम में ट्रक को उचित दर विक्रेता योगेश कुमार, ग्राम पंचायत मिरिया रेहड़ा की दुकान पर ले जाया गया, जहां माह जून 2026 के लिए 22.50 कुंतल गेहूं उतारा जाना था। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सगड़ी एवं पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में दुकान खुलवाई गई तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
दुकान लगभग पूरी तरह खाली मिली। मौके पर केवल 02 बोरी गेहूं यानी 1 कुंतल और 06 बोरी चावल यानी 3 कुंतल खाद्यान्न ही मौजूद पाया गया। जबकि रिकॉर्ड और ऑनलाइन स्टॉक के अनुसार दुकान में अप्रैल और मई माह का अवशेष तथा जून माह के उठान सहित कुल 6.38 कुंतल गेहूं और 87.81 कुंतल चावल मौजूद होना चाहिए था।
जांच में कुल 84.81 कुंतल चावल और 5.38 कुंतल गेहूं यानी कुल 90.19 कुंतल खाद्यान्न गायब मिला। जब पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा ने विक्रेता से स्टॉक रजिस्टर और खाद्यान्न कम होने के संबंध में जवाब मांगा तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। विक्रेता द्वारा कोई स्टॉक रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्ति विभाग ने ट्रक से लाया गया जून माह का गेहूं विक्रेता योगेश कुमार की दुकान पर न उतारते हुए दूसरे उचित दर विक्रेता गुलाब राम, ग्राम पंचायत जमीन फरेंदा की सुपुर्दगी में उतरवाया। साथ ही दुकान में मौजूद 3 कुंतल चावल और 1 कुंतल गेहूं भी सुरक्षित रूप से गुलाब राम की सुपुर्दगी में दिया गया।
पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि यदि अधिकारी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें तो गरीबों का हक बचाया जा सकता है। क्षेत्र में उनकी निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना हो रही है। आम लोगों का कहना है कि राशन माफियाओं और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार होनी चाहिए।
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद उचित दर विक्रेता योगेश कुमार, ग्राम पंचायत मिरिया रेहड़ा, विकासखंड बिलरियागंज के अनुबंध को निलंबित करने तथा उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति की गई है। पुलिस को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



