Ballia News: कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर

कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
उत्तर प्रदेश, बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली स्थित सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। रसड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपी पर नौकरी का झांसा देकर पैसे हड़पने, चेक बाउंस कराने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और बकाया रकम वापस दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद यूनुस पुत्र मोहम्मद युसुफ निवासी मेरुराय का पूरा, थाना रसड़ा ने थाना प्रभारी निरीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गोरया स्थान निवासी अविनाश सोनी पुत्र गोपाल सोनी ने न्याय विभाग कोर्ट में क्लर्क टाइपिस्ट की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे तीन लाख रुपये ले लिए। पीड़ित के अनुसार आरोपी खुद को भाजपा आईटी विभाग का रसड़ा विधानसभा संयोजक बताता था और मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों से करीबी संबंध होने का दावा करता था।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी पक्की कराने का विश्वास दिलाते हुए अलग-अलग किस्तों में पैसे लिए। तहरीर के मुताबिक 12 नवंबर 2024 को फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये तथा 18 नवंबर 2024 को बैंक खातों के जरिए कुल 2 लाख 90 हजार रुपये आरोपी के खाते में भेजे गए। पैसा लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नियुक्ति नहीं हुई।
जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने दो लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गया। पीड़ित का कहना है कि बाद में आरोपी ने दो किस्तों में कुल 1 लाख 40 हजार रुपये वापस किए, जबकि शेष 1 लाख 60 हजार रुपये लौटाने में लगातार टालमटोल करता रहा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हाल ही में जब उसने दोबारा पैसे की मांग की तो आरोपी ने कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि “जो करना है कर लो, मेरी पहुंच ऊपर तक है।” इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

