Azamgarh News: शिक्षक बनकर समाज को शिक्षित करने का लक्ष्य :प्रिया गुप्ता

शिक्षक बनकर समाज को शिक्षित करने का लक्ष्य :प्रिया गुप्ता
अहरौला : क्षेत्र के मतलूबपुर निवासी रेडीमेड कपड़ा व्यापारी संजय मद्धेशिया की पुत्री एवं रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन एकेडमी की 12वीं की छात्रा प्रिया मद्धेशिया ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रिया की इस शानदार सफलता से परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रिया की माता किरन देवी गृहणी हैं। दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी प्रिया शुरू से ही पढ़ाई के प्रति मेहनती और अनुशासित रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया।
प्रिया ने बताया कि उनका सपना सरकारी शिक्षक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है। उनका मानना है कि शिक्षा ही समाज को नई दिशा देकर आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
प्रिया की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों एवं विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



