Azamgarh News: गुरुओं के सम्मान में सजेगा श्रद्धा का दरबार, बड़े मंगलवार पर होगा सेवा और संस्कार का महाउत्सव”

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
“गुरुओं के सम्मान में सजेगा श्रद्धा का दरबार, बड़े मंगलवार पर होगा सेवा और संस्कार का महाउत्सव”
आजमगढ़। शिक्षा जगत को अपनी सेवाओं से गौरवान्वित करने वाले वरिष्ठ शिक्षकों के सम्मान में आगामी 26 मई 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे एक भव्य “वरिष्ठ शिक्षक (Ret.) सम्मान समारोह एवं भंडारा” का आयोजन किया जा रहा है। बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में गुरुजनों के प्रति आदर, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को समर्पित रहेगा।
यह आयोजन आजमगढ़-बिलरियागंज मुख्य मार्ग स्थित शिव मंदिर, पटवध सरैया बाजार, आजमगढ़ में आयोजित होगा, जहां क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, समाजसेवी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजक अशोक कुमार राय, भूतपूर्व सैनिक एवं सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन वरिष्ठ शिक्षकों को नमन करना है जिन्होंने वर्षों तक अपने ज्ञान, अनुशासन और संस्कारों से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि समाज की भावी पीढ़ियों के चरित्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
सम्मान समारोह के साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
आयोजक ने सभी सम्माननीय महानुभावों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने की अपील की है।



