Azamgarh News: लापरवाही की सड़क पर दौड़ती ज़िंदगी, निर्माणाधीन डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, बड़ा हादसा टला

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
लापरवाही की सड़क पर दौड़ती ज़िंदगी, निर्माणाधीन डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, बड़ा हादसा टला
आजमगढ़। शहर के बहुचर्चित भंवरनाथ-नरौली चौड़ीकरण मार्ग पर निर्माण कार्य की अव्यवस्था एक बार फिर सामने आई, जब प्रयागराज से आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर जा रही बादशाहपुर डिपो की रोडवेज बस निर्माणाधीन डिवाइडर से टकरा गई। हादसा सोमवार देर रात का बताया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार भंवरनाथ-नरौली मार्ग पर चल रहा सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य लंबे समय से लापरवाही का शिकार बना हुआ है। निर्माणाधीन हिस्सों पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही रात में वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए रेडियम पट्टी, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं। यही वजह है कि आए दिन इस मार्ग पर छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात के अंधेरे में बस चालक को निर्माणाधीन डिवाइडर समय से दिखाई नहीं दिया। अचानक सामने डिवाइडर आने पर चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कुछ देर तक यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। कई यात्री सीटों से उछल पड़े, जबकि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, वहां निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम तक नहीं किए गए हैं। खासकर रात के समय यह सड़क दुर्घटना का बड़ा कारण बन रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन डिवाइडरों और मोड़ों पर तत्काल रेडियम युक्त संकेतक बोर्ड, फ्लैश लाइट, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे सके।



