Azamgarh News: प्रेम प्रसंग के चलते शादी में बवाल, पुलिस पहुंची तो बरातियों ने किया पथराव, दूल्हा-दुल्हन सिंदूरदान करके हुए फरार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
प्रेम प्रसंग के चलते शादी में बवाल, पुलिस पहुंची तो बरातियों ने किया पथराव, दूल्हा-दुल्हन सिंदूरदान करके हुए फरार
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पटवध कौतुक हरिजन बस्ती के राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम हमारे परिवार में ही शादी समारोह में उस समय अफरा-तफरी और तनाव का केंद्र बन गया, जब जयमाल और अन्य रस्मों के बीच अचानक एक युवती पुलिस के साथ पहुंच गई और दूल्हे पर पहले से प्रेम संबंध होने का दावा करते हुए शादी रुकवा दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर हंगामा, पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार पटवध कौतुक हरिजन बस्ती निवासी गुद्दुर पुत्र स्वर्गीय शिव की पुत्री की शादी गढ़वल गांव थाना मुबारकपुर निवासी बृजेश कुमार पुत्र गुदरी के साथ तय थी। शुक्रवार की शाम बारात पूरे धूमधाम से लड़की पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। द्वारपूजा सहित शादी की कई रस्में संपन्न हो रही थीं और परिवार खुशी के माहौल में विवाह कार्यक्रम में जुटा था।
इसी दौरान थाना रौनापार क्षेत्र के बगही गांव की एक युवती डायल 112 पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे बृजेश के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था और शादी उसी से होनी चाहिए। युवती के इस दावे के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो उठा।
ग्रामीणों के अनुसार विवाद बढ़ने पर कुछ बरातियों ने डायल 112 पुलिस और युवती पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस किसी तरह युवती को लेकर मौके से निकल गई और तत्काल घटना की सूचना बिलरियागंज थाने को दी गई।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दूल्हा पक्ष मौके से फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि दूल्हा और दुल्हन को लेकर बाराती वहां से निकल गए। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद लड़की पक्ष पूरी तरह टूट गया। परिवार का कहना है कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही दोनों की शादी तय हो चुकी थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। दूल्हा विदेश में रहता था और छुट्टी लेकर घर आया था। दोनों परिवारों की सहमति से 22 मई 2026 की तारीख शादी के लिए पहले से निर्धारित थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि तीन दिन पहले भी वही युवती उनके घर आई थी और शादी रुकवाने की धमकी देकर गई थी। इस बात की जानकारी लड़के पक्ष को भी दी गई थी, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया था कि कोई समस्या नहीं होगी।
शादी में हुए इस अचानक विवाद के कारण लड़की पक्ष का खाना-पीना, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में भारी नुकसान हुआ। खुशी का माहौल कुछ ही मिनटों में मातम और तनाव में बदल गया। घटना के सदमे से लड़की पक्ष की एक महिला और एक युवती की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए डॉक्टर के यहां ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



