आजमगढ़ में पिता ने साथी पर जताई हत्या की आशंका,मांगों को लेकर अड़े रहे परिजन; अधिकारियों के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर मचा रहा तनाव, काफी मान-मनौव्वल के बाद अंतिम संस्कार को तैयार हुए परिजन; परिवार ने मांगी नौकरी, आर्थिक सहायता और सुरक्षा

नरसिंह पवई (आजमगढ़)।पवई थाना क्षेत्र के नरवारी गांव निवासी 36 वर्षीय ई-रिक्शा कारोबारी रविंद्र बिंद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। मौत को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाओं और परिजनों की हत्या की आशंका के बीच गांव में तनाव का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ गांव में डटे रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहे। अधिकारियों की काफी मान-मनौव्वल और आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

मृतक के पिता रुदल बिंद और पत्नी पूनम बिंद ने रविंद्र के साथी पर हत्या की आशंका जताते हुए विकास यादव, किरन और हरिमोहन को मामले में नामजद किए जाने की मांग की। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी, आर्थिक सहायता, पत्नी के नाम जमीन का पट्टा और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की मांग उठाई। परिजनों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन तहसीलदार अमित सिंह और पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव को सौंपा। अधिकारियों ने मांगों पर नियमानुसार और विधि सम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार की सहमति दी।रविंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पांच वर्षीय बेटी सृष्टि और तीन वर्षीय बेटी दृष्टि हैं। वहीं, उसका भाई राममूरत मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है। रविंद्र ही परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी और दोनों बेटियों के भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।इस दौरान सीओ भूपेश पांडेय, सीओ आस्था जायसवाल, फूलपुर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह, मुबारकपुर कोतवाली प्रभारी शशिचंद चौधरी, पवई थानाध्यक्ष सच्चिदानंद और अहरौला थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। निषाद पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बृजेश पांडेय, भाजपा मंडल महामंत्री बद्री प्रसाद बिंद, ग्राम प्रधान विजय भान बिंद सहित अन्य लोग परिजनों को समझाने और सहयोग करने में जुटे रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button