Azamgarh News: पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव की पहल से शुरू हुई सर्विक्स कैंसर के खिलाफ बड़ी मुहिम, आजमगढ़ को कैंसर मुक्त बनाने का लिया संकल्प

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय

पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव की पहल से शुरू हुई सर्विक्स कैंसर के खिलाफ बड़ी मुहिम, आजमगढ़ को कैंसर मुक्त बनाने का लिया संकल्प

आजमगढ़ जनपद में समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक बड़ी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सिंह और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विपिन यादव ने मिलकर सर्विक्स कैंसर के खिलाफ जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को एक गंभीर बीमारी से बचाने के लिए जागरूक करना और समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. विपिन यादव को दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया गया। प्रेस वार्ता में डॉ. यादव ने बेहद सरल और जागरूकता भरे अंदाज में सर्विक्स कैंसर, उसके कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्विक्स कैंसर HPV वायरस के कारण होता है और 9 से 14 वर्ष की आयु में HPV वैक्सीन लगवाना सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है।

डॉ. विपिन यादव ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई महिलाएं इस बीमारी की शिकार हो जाती हैं। यदि समय रहते टीकाकरण और जांच कराई जाए तो इस बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने संकल्प लेते हुए कहा कि उनका सपना आजमगढ़ को सर्विक्स कैंसर मुक्त जिला बनाना है और इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

वहीं पूजा सिंह ने इस अभियान को सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि “बेटियों की सुरक्षा और स्वस्थ भविष्य की लड़ाई” बताया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि समाज में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। कई परिवार जानकारी के अभाव में अपनी बेटियों को समय पर वैक्सीन नहीं लगवा पाते, जबकि यह एक जीवन रक्षक कदम साबित हो सकता है। पूजा सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि जनपद की हर बेटी सुरक्षित और स्वस्थ रहे।

कार्यक्रम के पहले दिन पत्रकारों का विशेष सम्मान भी किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए पत्रकार बंधुओं को सेलो कंपनी की पानी की बोतलें वितरित की गईं। पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पूजा सिंह और डॉ. विपिन यादव की इस संयुक्त पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि समाज में ऐसे अभियान समय की सबसे बड़ी जरूरत हैं, क्योंकि जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।

दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर HPV वैक्सीनेशन जरूर कराएं और सर्विक्स कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ इस मुहिम का हिस्सा बनें।

“स्वस्थ बेटी, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ यह अभियान अब पूरे जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button