शाहरुख हत्याकांड:घटनास्थल से थाने तक डटे रहे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर, परिजनों को दिया न्याय का भरोसा
Shahrukh murder case: Assistant Superintendent of Police/CO Sadar Ishwar Lal Gurjar remained present from the scene to the police station, assured the family of justice.
आजमगढ़, 28 अक्टूबर। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में 30 वर्षीय शाहरुख खान की गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली। उन्होंने सुबह से शाम तक घटनास्थल से लेकर थाने तक मामले की निगरानी की और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।मृतक शाहरुख खान पुत्र मुस्तफा, ग्राम पंचायत गौरी का निवासी था। बताया जाता है कि वह बोलने में असमर्थ था और पाव रोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बीती शाम घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ डायल 112 तथा गंभीरपुर पुलिस को भी सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने भी उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।बुधवार सुबह तलाश के दौरान गौरी गांव में नट बस्ती के बगल बहा में शाहरुख का शव पड़ा मिला। युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने की जानकारी सामने आते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की कार्रवाई शुरू कराई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हत्याकांड का खुलासा करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जांच की प्रगति पर नजर रखते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
आक्रोशित परिजनों को समझाया, न्याय का दिलाया भरोसा
हत्याकांड के बाद आक्रोशित परिजनों के बीच सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने परिजनों को समझाया, उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। दुख की इस घड़ी में परिजनों से संवाद बनाए रखते हुए उन्होंने पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।घटना के बाद से ही पुलिस अधिकारियों की सक्रियता और मामले की निगरानी चर्चा का विषय रही। विशेष रूप से सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर का सुबह से शाम तक मौके पर डटे रहना, पुलिसकर्मियों को लगातार निर्देश देना और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाना उनकी जिम्मेदारी के प्रति गंभीरता और संवेदनशील पुलिसिंग को दर्शाता है।फिलहाल शाहरुख खान की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका खुलासा होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्र के लोगों और पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और परिवार को न्याय मिलेगा।



