प्रेम संबंध में बनी कातिल, पति को उतारा मौत के घाट,अवैध संबंध में पति की हत्या, 311 दिन बाद खुला राज
Turned Killer for the Sake of a Love Affair: Wife Murders Husband; Husband Killed Over Illicit Relationship—Secret Exposed After 311 Days.

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने रिश्ते के भांजे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को घर के बगीचे में दफना दिया। पुलिस ने करीब 311 दिन बाद मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पत्नी और उसके भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सचेंडी के लालपुर गांव निवासी लक्ष्मी के घर उसके रिश्ते के भांजे अमित का अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। आरोप है कि दोनों ने मिलकर लक्ष्मी के पति शिवबीर सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2024 को छोटी दिवाली के दिन लक्ष्मी ने पति शिवबीर की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। चाय पीने के बाद शिवबीर बेहोश हो गया। इसके बाद लक्ष्मी और अमित ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के बगीचे में गड्ढा खोदकर दफना दिया और उस पर करीब 12 किलो नमक डाल दिया, ताकि शव जल्दी गल जाए और किसी को शक न हो। अगले दिन बच्चों ने पिता के बारे में पूछा तो लक्ष्मी ने उन्हें बताया कि वह गुजरात काम करने गए हैं। यह झूठ करीब 311 दिनों तक चलता रहा।
शिवबीर की मां सावित्री देवी को बहू पर पहले से शक था। उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की, जिसके बाद 19 अगस्त को शिवबीर की गुमशुदगी दर्ज की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने लक्ष्मी के फोन रिकॉर्ड खंगाले। इसमें सामने आया कि वह अपने पति की बजाय लगातार अमित से संपर्क में थी। शक गहराने पर पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में लक्ष्मी से सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बगीचे में खुदाई करवाई, जहां से शिवबीर के शव के अवशेष, हड्डियां और कपड़े बरामद हुए।
पनकी एसीपी शेखर कुमार ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते महिला ने अपने भांजे के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



