जूते चुराई की रस्म में हुआ विवाद, विदाई से दुल्हन ने किया इनकार; दूल्हा पहुंचा थाने, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
A dispute erupted during the shoe-stealing ceremony, with the bride refusing to leave; the groom went to the police station, and both parties filed complaints.
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के शाजापुर में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब जूते चुराई की रस्म के दौरान नेक मांगने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष ने विदाई करने से इनकार कर दिया। मामला थाने तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी।जानकारी के मुताबिक, उज्जैन के राजेंद्र नगर निवासी अनुराग यादव, पिता संतोष यादव, बारात लेकर शाजापुर पहुंचे थे। यहां गैस गोडाउन क्षेत्र निवासी कैलाश खेर की बेटी योग्यता के साथ उनका विवाह समारोह आयोजित किया गया था। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जूते चुराई की रस्म के दौरान नेक मांगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
रस्म की कहासुनी ने लिया विवाद का रूप
शुरुआत में हंसी-मजाक के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने बेटी की विदाई करने से मना कर दिया। लड़की पक्ष के लोग मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दूल्हा पक्ष ने भी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दी।
बीजेपी पार्षद के प्रभाव में कार्रवाई नहीं होने का आरोप
दूल्हा पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर केवल आवेदन लिया है, जबकि एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उनका दावा है कि दुल्हन के अंकल सुनील पेंटर शाजापुर से बीजेपी पार्षद हैं और उनके प्रभाव एवं दबाव के चलते उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।दूल्हा पक्ष का कहना है कि वे अभी भी दुल्हन को विदा कराकर अपने घर ले जाने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि दूल्हे के घर पर रिसेप्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें हजारों लोगों को निमंत्रण दिया जा चुका है। इसके बावजूद दुल्हन पक्ष विदाई के लिए तैयार नहीं है।
पुलिस कर रही दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच
फिलहाल कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उनके द्वारा दिए गए आवेदनों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। जूते चुराई की एक पारंपरिक रस्म से शुरू हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बना हुआ है।



