Azamgarh News: जन आरोग्य मेले में अनुपस्थित मिली चिकित्सक, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

जन आरोग्य मेले में अनुपस्थित मिली चिकित्सक, सीएमओ ने मांगा स्पष्टीकरण

भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण, 1748 मरीजों का हुआ उपचार

आजमगढ़। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत रविवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने पल्हनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजपुर तथा बिलरियागंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कंधरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिलीं, जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजपुर में स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित पाई गईं और मरीजों को उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। हालांकि चिकित्सक डॉ. श्वेता मिश्रा पिछले चार दिनों से बिना किसी लिखित सूचना अथवा अवकाश प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित मिलीं। पूछताछ में बताया गया कि वह कोर्ट एविडेंस हेतु गई हुई हैं, लेकिन अभिलेखों में इसकी कोई सूचना दर्ज नहीं थी। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कंधरापुर में भी स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित मिलीं। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और भीषण गर्मी में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि जनपद में कुल 76 मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया, जहां 76 चिकित्सकों एवं 268 पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती रही। मेलों में कुल 1748 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 754 पुरुष, 767 महिलाएं और 227 बच्चे शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि मेलों में 306 गैस्ट्रो, 303 मधुमेह, 204 त्वचा रोग, 140 श्वसन रोग और 94 उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। इसके अलावा 88 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 118 कुपोषित बच्चों की पहचान, 40 गोल्डन कार्ड निर्माण तथा कोविड हेल्प डेस्क पर 135 मरीजों की जांच की गई। गंभीर स्थिति वाले 10 मरीजों को बेहतर उपचार हेतु रेफर भी किया गया।

भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य मेलों में भी देखने को मिला, जहां अपेक्षाकृत कम मरीज पहुंचे। इस दौरान सीएमओ ने लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने की अपील करते हुए पर्याप्त पानी पीने, सिर ढककर बाहर निकलने और दोपहर में अनावश्यक बाहर जाने से बचने की सलाह दी।

सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का उद्देश्य आमजन तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही जरूरी है तथा जनहित से जुड़ी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button