Azamgarh News: लालगंज प्रसूता मृत्यु प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर सील*

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

*लालगंज प्रसूता मृत्यु प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर सील*

आजमगढ़ 27 मई 2026

आजमगढ़ जनपद के लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मृत्यु से संबंधित समाचार एवं प्राप्त शिकायतों का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने गंभीर संज्ञान लिया और प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार को मौके पर जांच हेतु निर्देशित किया ।

डॉ. आलेन्द कुमार द्वारा आज जब अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया तो जांच के दौरान अस्पताल संचालक एवं स्टाफ मौके पर उपस्थित मिले। निरीक्षण में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उपचार के दौरान एक प्रसूता की मृत्यु हो गई थी तथा नवजात शिशु को गंभीर स्थिति में अन्य चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया था । मामले को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा अस्पताल परिसर में विरोध एवं हंगामा भी किया गया था।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ एवं मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरणों की गंभीर कमी पाई गई। कई आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। अस्पताल निर्धारित मानकों एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी अत्यंत गंभीर विषय है। प्रथम दृष्टया अस्पताल संचालन में लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है तथा संबंधित प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा कि जनपद में बिना मानक एवं नियमों के संचालित किसी भी निजी चिकित्सालय, अवैध अस्पताल अथवा झोलाछाप गतिविधियों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

साथ ही संबंधित थाना लालगंज को भी प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button