Azamgarh News:मुंबई लौटने से पहले युवक की संदिग्ध मौत, बरामदे में फंदे से लटका मिला शव
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मुंबई लौटने से पहले युवक की संदिग्ध मौत, बरामदे में फंदे से लटका मिला शव
आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के ऊसरगावा गांव में रविवार तड़के एक युवक का शव घर के बरामदे में गमछे के सहारे लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मौत को संदिग्ध माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद तबरेज शेख पुत्र महमूद अहमद का शव घर के बरामदे में टीनशेड के नीचे लगी लोहे की रॉड से लटका हुआ पाया गया। मृतक की पत्नी निगार फातमा बानो ने बताया कि शनिवार रात दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद वह कमरे में सोने चली गईं, जबकि बिजली न होने के कारण तबरेज बाहर चारपाई पर सोने की बात कहकर बरामदे में रुक गए थे।
रविवार सुबह करीब पांच बजे जब पत्नी की नींद खुली और उन्होंने बाहर आकर देखा तो पति का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर वह चीख-पुकार करने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार तबरेज करीब एक माह पूर्व मुंबई से अपने घर आए थे और रविवार को ही वापस मुंबई लौटने वाले थे। उनकी शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहकर निजी कार्य करते हैं, जबकि उनका मकान गांव की आबादी से कुछ दूरी पर स्थित है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल-112 और स्थानीय पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं गांव में यह भी चर्चा है कि निगार फातमा बानो मृतक की तीसरी पत्नी थीं। बताया जाता है कि उनकी पहली पत्नी की मृत्यु फांसी लगने से हुई थी, जबकि दूसरी पत्नी की मौत प्रसव के दौरान हो गई थी।



