Azamgarh News:फर्जी दस्तावेजों के जरिए मदरसे का अनुदान हड़पने का आरोप, प्रबंधक गिरफ्तार*
*फर्जी दस्तावेजों के जरिए मदरसे का अनुदान हड़पने का आरोप, प्रबंधक गिरफ्तार*
*ठेकमा आजमगढ़* । बरदह थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय धनराशि के गबन के मामले में वांछित चल रहे मदरसा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी अनुदान प्राप्त करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार राज्य विशेष अपराध अनुसंधान शाखा (ईओडब्ल्यू), लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुँवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बरदह में मुकदमा संख्या 43/2025 धारा 409, 420, 467, 468 एवं 471 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मदरसा बिस्मिल्लाह मेमोरियल, कोदहरा (मदरसा आईडी-0191100571) के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी अनुदान की धनराशि का गबन किया गया।
शनिवार को वांछित अभियुक्त की तलाश में निकली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मदरसे का प्रबंधक कोदहरा मोड़ पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद मजीद पुत्र बिस्मिल्ला निवासी ग्राम कोदहरा, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ बताया।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी गलती की माफी मांगता रहा।
गिरफ्तार करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र मिश्र, कांस्टेबल ललित सरोज तथा आरक्षी योगेश दुबे शामिल रहे।



