Azamgarh News:चार दिन से अंधेरे में डूबा गांव, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन।

चार दिन से अंधेरे में डूबा गांव, बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन।
आजमगढ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के चिस्तीपुर गांव में पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गांव में एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार 10 जून को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान गांव में लगा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर खंभे सहित गिर गया था। साथ ही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शिकायत के बावजूद चार दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीण मनोज वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर और बिजली का तार गिरने की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई थी तथा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई कर्मचारी मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की प्रमिला देवी ने कहा कि गर्मी से लोग बेहाल हैं और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। वहीं साधना देवी ने बताया कि बिजली कर्मचारी मौके पर आए थे, लेकिन निरीक्षण के बाद लौट गए और अब तक आपूर्ति बहाल नहीं की गई। राधेश्याम कनौजिया ने कहा कि आंधी में खंभा और ट्रांसफार्मर दोनों गिर गए थे, लेकिन शिकायतों के बावजूद बिजली नहीं मिली। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में राम आसरे वर्मा, पथरू कनौजिया, दिलीप कनौजिया, चिथरु, रामसूरत, फिरता देवी, उर्मिला, रेनू, अंतिमा, आशा कनौजिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मामले में पक्ष जानने के लिए उपखंड अधिकारी दिलीप वर्मा एवं अवर अभियंता (जेई) संदीप यादव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ।



