Azamgarh News:पल्स पोलियो अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक*

*पल्स पोलियो अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक*

 

*28 जून से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश*

 

*सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज करने पर जोर, जागरूकता बढ़ाने के निर्देश*

 

आजमगढ़, 19 जून 2026/

 

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 28 जून 2026 से प्रारम्भ होने वाले पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) अभियान तथा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन की प्रगति एवं तैयारियों की समीक्षा हेतु जिला पल्स पोलियो टास्क फोर्स एवं जनपद स्तरीय कन्वर्जेन्स समिति की बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस, जबकि 29 जून से 03 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त 06 जुलाई 2026 को बी-टीम गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर टास्क फोर्स बैठकों, माइक्रोप्लान अद्यतन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में निर्देशित किया गया कि ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमन्तु परिवारों तथा अन्य अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। रेलवे स्टेशन, बस एवं टैम्पो स्टैण्ड, प्रमुख चौराहों तथा मेलों में विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमें तैनात कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए। साथ ही अभियान के दौरान प्रतिदिन ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करते हुए उनका तत्काल आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा भी की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया है, किन्तु प्रदेश में इसकी उपलब्धि अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को समन्वित प्रयास कर 14 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पात्र बालिकाओं का सर्वे कर सूची तैयार की जाए तथा विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों एवं समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निकाय, महिला आरोग्य समितियों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न सामाजिक एवं चिकित्सकीय संगठनों के सहयोग से एचपीवी टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान एचपीवी वैक्सीन के सम्बन्ध मंे जागरूक किया जाए।

 

बैठक में सोशल मीडिया, वाल राइटिंग, जन-जागरूकता रैलियों, माइकिंग, डिजिटल स्क्रीन, होर्डिंग्स तथा स्थानीय समाचार माध्यमों के जरिए टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेजों में एचपीवी टीकाकरण सत्र नियमित रूप से संचालित करने पर बल दिया गया।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए नियमित समीक्षा करें तथा जनपद को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष पात्र बालिकाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।

 

बैठक में एसीएमओ डॉ0 उमाशरण पाण्डेय, डॉ0 अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ0 आलेन्द्र, एसआईसी मण्डलीय जिला अस्पताल, समस्त एमओआईसी सहित शिक्षा, पंचायती राज, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, नगर निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button