Azamgarh News:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आजमगढ़ पुलिस का योग संकल्प, पुलिस लाइन और चंद्रमा ऋषि आश्रम में हुआ सामूहिक योगाभ्यास

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आजमगढ़ पुलिस का योग संकल्प, पुलिस लाइन और चंद्रमा ऋषि आश्रम में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
आजमगढ़ जनपद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को जनपद में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन आजमगढ़ और कंधरापुर स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित योग शिविर में पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक द्वारा अनुलोम-विलोम, कपालभाति, अर्धचक्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, शशांकासन एवं शीतली प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।
वहीं कंधरापुर स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम में आयोजित जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस कार्यालयों में भी योग शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पुलिसकर्मियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। योग दिवस के माध्यम से स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।



