Azamgarh News:आजमगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत, पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

आजमगढ़ जनपद में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई। एक ओर मंडलीय जिला चिकित्सालय के आईसीयू में भर्ती युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं दूसरी ओर सरायमीर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना में मृतक की पहचान अनीश यादव (18 वर्ष) पुत्र अम्बिका यादव निवासी करऊत लउहरा, थाना जहानागंज के रूप में हुई है। अस्पताल से प्राप्त पुलिस मेमो के अनुसार अनीश यादव जिला चिकित्सालय के आईसीयू वार्ड के बेड संख्या-5 पर भर्ती था, जहां सोमवार सुबह 9:35 बजे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान को पंचनामा की कार्रवाई हेतु भेजा तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल सकेगा।
दूसरी घटना सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तूपट्टी मंदिर के पास रविवार देर रात हुई। पुलिस के अनुसार चककोट गांव निवासी अभिमन्यु यादव की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि उनका पुत्र मिथलेश यादव (25 वर्ष) तथा उसका साथी सचिन (26 वर्ष) पुत्र शिवकुमार निवासी गाहूखोर, अपाचे बाइक से संजरपुर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान संजरपुर की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में स्कॉर्पियो चालक संजय कुमार पुत्र कपिलदेव निवासी भाटिनपारा थाना फूलपुर के विरुद्ध सरायमीर थाने में मु0अ0सं0 160/2026, धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनुज कुमार द्विवेदी को सौंपी गई है।
पुलिस दोनों मामलों में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button