Azamgarh News:मां बंजारी देवी की कृपा से साकार हुआ मंदिर निर्माण का सपना, भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मां बंजारी देवी की कृपा से साकार हुआ मंदिर निर्माण का सपना, भंडारे में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
आजमगढ़ जनपद के धंधेबिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत पटवध कौतुक ग्राम सभा के छोटे से पुरवे बंजरिया में रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गांव में वर्षों से पूजनीय एवं सिद्ध मानी जाने वाली मां बंजारी देवी के मंदिर का निर्माण पूर्ण होने पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, अखंड रामायण पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
ग्रामीणों के अनुसार बंजरिया गांव का नाम भी मां बंजारी देवी के नाम पर ही पड़ा है। कहा जाता है कि प्राचीन समय में यहां मां बंजारी देवी का निवास था, जिनकी सिद्धि और कृपा की चर्चा दूर-दूर तक होती थी। गांव निवासी श्रीराम यादव के मन में वर्षों से मां बंजारी देवी का एक भव्य मंदिर बनवाने की इच्छा थी। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां की कृपा से उनके पुत्र को भारतीय रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर नियुक्ति मिली। इसके बाद परिवार ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर मां के मंदिर का निर्माण कराने का संकल्प पूरा किया।
मंदिर निर्माण के उपरांत अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया, जिसके समापन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ संपन्न हुआ। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन रूपी प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर निर्माण एवं कार्यक्रम के आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान पति सुरेश्वरी दत्त उपाध्याय उर्फ रमंटू बाबा का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा अर्जुन यादव, विजय यादव, सरवन यादव सहित गांव के अनेक श्रद्धालुओं ने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। जयकारों और भजन-कीर्तन से गांव गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने इसे मां बंजारी देवी की असीम कृपा का प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए मंदिर को क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया।



