Azamgarh News:मोहर्रम पर भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, कड़ी सुरक्षा के बीच सकुशल संपन्न हुआ ताजिया जुलूस
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
मोहर्रम पर भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, कड़ी सुरक्षा के बीच सकुशल संपन्न हुआ ताजिया जुलूस
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, अमन-चैन और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थापित ताजियों को परंपरागत तरीके से निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला तक ले जाया गया। पूरे माहौल में “या हुसैन” और “हाय हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं तथा लोगों ने इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया।
मोहर्रम के अवसर पर बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छीहीं, इमलीपुर, भावा रायपुर, पतिला, गौसपुर, करमैनी सहित कुल 33 स्थानों पर ताजिए स्थापित किए गए थे। निर्धारित समय पर सभी ताजिया जुलूस अपने-अपने मार्गों से होते हुए सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार कार्यक्रम संपन्न हुए।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा स्वयं पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। उन्होंने सभी प्रमुख ताजिया स्थलों एवं जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस कर्मी पूरे समय मुस्तैद रहे और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था पर भी सतर्क निगरानी बनाए रखी।
वहीं, बिजली विभाग की टीम भी पूरे समय सक्रिय रही। जुलूस मार्गों पर विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
मोहर्रम के दौरान विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे का सहयोग कर सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। प्रशासन, पुलिस, बिजली विभाग तथा स्थानीय नागरिकों के सामूहिक सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन की बेहतर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की।



