Azamgarh news :शून्य गरीबी अभियान के अंतर्गत एक भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित नहीं रहेगा : डॉ. एन. आर. वर्मा

शून्य गरीबी अभियान के अंतर्गत एक भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित नहीं रहेगा : डॉ. एन. आर. वर्मा

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद में संचालित शून्य गरीबी (जीरो पावर्टी) अभियान के अंतर्गत चिन्हित प्रत्येक पात्र परिवार एवं उसके प्रत्येक सदस्य को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से शत-प्रतिशत आच्छादित करना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में 27 जून से 30 जून, 2026 तक जनपद के समस्त विकास खंडों में विशेष मेगा आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के लिए आशा कार्यकर्ताओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, संगणक ऑपरेटरों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक टीम को स्थानीय कोटेदारों के साथ समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुँचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि वर्तमान में संचालित पल्स पोलियो अभियान से भी इस अति महत्वपूर्ण कार्य को जोड़ा गया है। सभी पोलियो बूथों पर छूटे हुए लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करा दीगई है तथा बूथों पर आने वाले पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. वर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि 30 जून तक प्रत्येक विकास खंड को अपने यहाँ शेष बचे पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाना हर हाल में सुनिश्चित करना होगा। किसी भी प्रकार का बहाना, संसाधनों की कमी अथवा समन्वयहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी ब्लॉक प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित गूगल शीट पर अनिवार्य रूप से अपलोड करेंगे तथा अभियान की सतत निगरानी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय स्तर से की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि 30 जून के उपरांत की जाने वाली समीक्षा में जिन विकास खंडों का प्रदर्शन जनपद के ‘बॉटम-5’ में पाया जाएगा, उनके संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं उत्तरदायी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध शासकीय आदेशों की अवहेलना, दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं अभियान के प्रति उदासीनता के आरोप में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की होगी।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का मानवीय दायित्व है। अतः किसी भी पात्र परिवार का आयुष्मान कार्ड न बनना संबंधित क्षेत्रीय स्वास्थ्य तंत्र की गंभीर विफलता माना जाएगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन पात्र परिवारों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, विशेष शिविर अथवा पोलियो बूथ पर पहुँचकर निःशुल्क कार्ड बनवाएँ तथा प्रति परिवार प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button