Azamgarh News:आजमगढ़ में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
आजमगढ़ जनपद में दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक की नीलगाय से बाइक टकराने के बाद जान चली गई, जबकि दूसरे युवक की टूटे हुए विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थानों की पुलिस ने इस्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बालेपट्टी गांव की है। यहां निवासी लगभग 30 वर्षीय अनुज यादव पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ यादव 26 जून को दोपहर करीब एक बजे कोईनहाँ बाजार से अपनी नई राइडर बाइक से घर लौट रहे थे। मां बच्ची सती पेट्रोल पंप के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई। हादसे में अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल आजमगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी प्रीती की तहरीर पर कप्तानगंज पुलिस ने इस्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा गांव की है। गांव निवासी 25 वर्षीय अंकित चौरसिया पुत्र राजेश कुमार चौरसिया शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे घर की बिजली गुल होने पर बाहर देखने निकले थे। इसी दौरान अंधेरे में उनका संपर्क टूटे हुए विद्युत तार से हो गया, जिससे उन्हें करंट लग गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई अंगद चौरसिया की सूचना पर मेहनाजपुर पुलिस ने इस्तेफाकिया मृत्यु दर्ज कर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों युवकों की असामयिक मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



